रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के कादिराबाद के पास शुक्रवार को सड़क हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार कादिराबाद गांव निवासी शिव कुमार (50) पुत्र सीताराम अपनी मोटरसाइकिल से अपने गांव कादिराबाद जा रहे थे। चन्द्रदीप घाट मार्ग पर कादिराबाद स्थित ईदगाह के समीप डुमरियागंज की तरफ से सीमेंट लादकर आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देख स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर परिजन भी पहुंच गए और एंबुलेंस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवा ले जाया गया। कान में गंभीर चोट होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज बस्ती रेफर कर दिया।
ट्रैक्टर चालक की पहचान गिरी निवासी महादेव घुरहू के रूप में हुई है, जिसे हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। इस बारे में पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी है।


