खालसा हेल्प फाउंडेशन की पहल, एक हजार से अधिक लोगों का हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण
जरूरतमंदों को बांटी गईं दवाइयां, मानव सेवा को बताया सच्चा धर्म
हस्तिनापुर (मेरठ)। पंज प्यारे भाई धर्म सिंह जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में खालसा हेल्प फाउंडेशन की ओर से गुरुद्वारा जन्मस्थल भाई धर्म सिंह जी, गांव सैफपुर करमचंदपुर, हस्तिनापुर में विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 51 श्रद्धालुओं ने स्वैच्छिक रक्तदान किया, जबकि एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाइयां वितरित की गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ एसजीपीजी उत्तर प्रदेश गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष बृजपाल सिंह ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया और मानव सेवा के कार्य में सहभागिता की।
एक हजार से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण
खालसा हेल्प फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरप्रीत मान ने बताया कि प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित शिविर का उद्देश्य जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। संस्था के चिकित्सक डॉ. जसविंदर सिंह मान ने बताया कि शिविर में एक हजार से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
मानव सेवा ही सच्चा धर्म : हरप्रीत मान
राष्ट्रीय अध्यक्ष हरप्रीत मान ने कहा कि खालसा हेल्प फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य गरीबों, असहायों और जरूरतमंदों की निस्वार्थ सेवा करना है। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाने में योगदान देना मानवता की सच्ची सेवा है। संस्था भविष्य में भी जनसेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और जरूरतमंदों की सहायता के लिए ऐसे अभियान आयोजित करती रहेगी।
शिविर के सफल आयोजन में खालसा हेल्प फाउंडेशन और समूह साध संगत का विशेष योगदान रहा। अंत में संस्था की ओर से रक्तदाताओं, चिकित्सकों की टीम और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
हरप्रीत मान
राष्ट्रीय अध्यक्ष, खालसा हेल्प फाउंडेशन


