•16 नवंबर से होगी स्व-गणना, एक दिसंबर से घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे प्रगणक
एडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने किया प्रशिक्षण का शुभारंभ, जनगणना के आंकड़ों को बताया सरकारी योजनाओं का आधार
मथुरा,। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में होने वाली जनसंख्या गणना की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज में 98 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण शुरू हुआ। जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। आने वाले वर्षों में सरकार की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के निर्माण एवं क्रियान्वयन में जनगणना के आंकड़ों की अहम भूमिका होगी। ऐसे में फील्ड ट्रेनरों की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही जानकारी को गंभीरता से समझने और जनगणना कार्य को शुद्धता एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने का आह्वान किया।
दो चरणों में होगा प्रशिक्षण
जनगणना कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। पहला चरण 7 से 9 अक्टूबर और दूसरा चरण 12 से 14 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। जनपद के चार मास्टर ट्रेनर पहले ही एसआईआरडी, लखनऊ में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। अब यही मास्टर ट्रेनर जिले के 98 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित कर रहे हैं।
प्रशिक्षण के दौरान जनसंख्या गणना की अवधारणाओं, प्रश्नावली भरने की प्रक्रिया, आंकड़ों के संकलन, मोबाइल एप के संचालन और क्षेत्र में गणना कार्य करने के तरीकों की जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ये फील्ड ट्रेनर जिले के विभिन्न चार्जों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे।
16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना
जनगणना के द्वितीय चरण के तहत 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण दौर चलेगा।
ये अधिकारी रहे मौजूद
प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर उप जिलाधिकारी सुशील कुमार, तहसीलदार मांट रजनीश रंधावा, तहसीलदार छाता नितिन कुमार, जनगणना कार्य निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के जिला प्रभारी मथुरा मृगेन्द्र बहादुर सिंह, सह जिला प्रभारी अभिषेक पांडेय, जिला जनगणना सहायक कपिल यदुवंशी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


