•छावनी में तब्दील रहा मतदान केंद्र, सीसीटीवी कैमरों से रखी जा रही नजर; गड़बड़ी और फर्जी मतदान पर तत्काल कार्रवाई की चेतावनी।
मिश्रिख (सीतापुर), 23 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य (एमएलसी) चुनाव के तहत शुक्रवार को मिश्रिख क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान संपन्न कराया जा रहा है। मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। मतदान केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की निगरानी है, वहीं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
मतदान केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मिश्रिख में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पूरे परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है, ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मतदान के दौरान गड़बड़ी करने, शांति व्यवस्था भंग करने अथवा फर्जी मतदान का प्रयास करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की ओर से मतदाताओं से अपील की गई कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें तथा चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण बनाए रखने में सहयोग करें। मतदान की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इस दौरान मिश्रिख के ब्लॉक प्रमुख रामकीर्तन पांडेय, मिश्रिख विधानसभा क्षेत्र के रामकृष्ण भार्गव, नगर पालिका प्रतिनिधि अजय भार्गव, मोनू, रामगोपाल अवस्थी तथा जिला पंचायत सदस्य सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रशासन का संदेश स्पष्ट है कि मतदान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जाएगा तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


