•खलीलाबाद बीआरसी पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण का समापन, अब ब्लॉक स्तर पर 576 शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे मास्टर ट्रेनर।
केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। राज्य परियोजना कार्यालय के निर्देश के क्रम में समेकित शिक्षा के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों के सामान्य शिक्षकों के सेवाकालीन प्रशिक्षण के लिए जनपद स्तरीय मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। खलीलाबाद स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) पर 22 से 24 अक्टूबर तक चले तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को समापन हुआ।
प्रशिक्षण में विकासखंड स्तर पर कार्यरत स्पेशल एजुकेटरों ने प्रतिभाग किया। राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर धर्मेंद्र कुमार चौधरी और यतीन्द्र नाथ आर्य ने प्रतिभागियों को समावेशी शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया। इसमें समावेशी कक्षा में विविधता, दिव्यांगता की श्रेणियां, भारतीय पुनर्वास परिषद, दिव्यांग बच्चों के लिए परीक्षा बोर्ड की भूमिका, पाठ्यक्रम का अनुकूलन, समावेशी कक्षाओं में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) का प्रयोग, भाषा शिक्षण, पर्यावरण अध्ययन, गणित एवं विज्ञान शिक्षण, पाठ-आधारित योजना तथा पाठ्यक्रम में कला का एकीकरण जैसे कुल 19 विषय शामिल रहे। इसके अतिरिक्त नाटक, नृत्य और अधिगम से संबंधित विषयों पर भी जानकारी दी गई।
आईसीटी आधारित शिक्षा पर दिया जोर
प्रशिक्षण के अंतिम दिन उप शिक्षा निदेशक एवं डायट प्राचार्य डॉ. नरेंद्र सिंह ने कार्यक्रम का समापन किया। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए शिक्षण पद्धतियों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सरल और सुगम बनाना जरूरी है। भाषा, गणित और विज्ञान सहित विभिन्न विषयों को अनुकूलित पाठ्यक्रम के माध्यम से पढ़ाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास या आईसीटी लैब स्थापित हैं, वहां दिव्यांग बच्चों को सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी आधारित शिक्षा उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे भी आधुनिक शिक्षण संसाधनों का लाभ उठा सकें।
576 शिक्षकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले सभी मास्टर ट्रेनरों को उप शिक्षा निदेशक डॉ. नरेंद्र सिंह ने प्रशिक्षण संबंधी प्रमाणपत्र प्रदान किए। प्रशिक्षण में वीरेंद्र कुमार, शिवम सिंह, जगदीश प्रसाद, प्रेम शंकर चौधरी, शंभू प्रसाद, अमित रंजन, प्रमोद उपाध्याय, आशीष दुबे, रंजन, दिलीप यादव, पवन कुमार, जनकधारी, धर्मराज, अर्चना त्रिपाठी, शिव शरण शुक्ला, बृजेंद्र प्रताप सिंह, दुर्गेश यादव, मोना गौतम, विश्वनाथ विश्वकर्मा और तृप्ता सिंह ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह के निर्देशन में जिला समन्वयक समेकित शिक्षा डॉ. रजनीश वैद्यनाथ ने किया।
बताया गया कि जनपद के 576 शिक्षकों को पांच दिवसीय प्रशिक्षण ब्लॉक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण जनपद स्तरीय कार्यक्रम पूरा कर रहे मास्टर ट्रेनरों द्वारा दिया जाएगा। इसके लिए खंड शिक्षा अधिकारियों को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से निर्देश जारी किए जा चुके हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम की निगरानी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक समेकित शिक्षा, डायट प्राचार्य और डायट मेंटर द्वारा की जाएगी।


