•‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ की थीम पर सप्ताहभर होंगे विविध आयोजन, सतर्कता रथ रवाना।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। मथुरा रिफाइनरी में सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ हुआ। 26 अक्टूबर से एक नवंबर तक आयोजित होने वाले इस सप्ताह का उद्देश्य भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पारदर्शिता एवं ईमानदारी को बढ़ावा देना है। इस वर्ष आयोजन केंद्रीय सतर्कता आयोग की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ पर आधारित है।

रिफाइनरी के ईडी एंड आरएच कॉन्फ्रेंस रूम में आयोजित उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख मुकुल अग्रवाल ने की। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का उन्मूलन सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति में ईमानदारी, प्रतिबद्धता और पारदर्शिता आवश्यक है। सतर्कता केवल नियमों के अनुपालन तक सीमित नहीं है, बल्कि जागरूकता और आत्मानुशासन पर आधारित जीवनशैली है।
कार्यक्रम की शुरुआत महाप्रबंधक (सतर्कता) पीके त्रिपाठी के स्वागत संबोधन से हुई। इस दौरान इंडियनऑयल के चेयरमैन, निदेशक (रिफाइनरीज) और मुख्य सतर्कता अधिकारी के संदेश भी साझा किए गए। अवसर पर सतर्कता सूचना पत्रक का विमोचन किया गया। साथ ही ‘सतर्कता : हम सबकी जिम्मेदारी’ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों और उसकी रोकथाम का संदेश दिया गया।
समुदाय में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मुकुल अग्रवाल ने सतर्कता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले रिफाइनरी टाउनशिप में वॉकथॉन आयोजित किया गया। पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता जताते हुए पौधरोपण भी किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक अनिल कुमार, वी. सुरेश, एचएस रूखियार सहित महाप्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारी, विप्स संयोजक तथा इंडियनऑयल ऑफिसर्स एसोसिएशन और कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


