रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। जिले के लोटन थाना क्षेत्र में शराब के 15 रुपये बकाये को लेकर हुए विवाद में लोहे की रॉड से सिर पर हमला कर 25 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने लोटन कस्बे में करीब पांच घंटे तक चक्का जाम किया।
लोटन कोतवाली क्षेत्र के खखरा गांव निवासी बबलू कहार(22) पुत्र भोलू कहार कूड़ा नदी की तरफ मछली पकड़ने जा रहा था। मोहाना थाना क्षेत्र के बेलौहा गांव निवासी अभिषेक उर्फ बब्लू पुत्र सूर्यमन ने उसे अपने घर के सामने रोक कर शराब के बकाया 15 रुपए मांगने लगा। जिससे दोनों में विवाद हो गया। पीड़ित परिजनों का आरोप है कि कहासुनी के दौरान अभिषेक ने लोहे की राड से भोलू के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पीड़ित परिजनों का आरोप है कि आरोपी मोहाना पुलिस के सहयोग से घर पर नेपाली शराब बेचता है।
युवक की मौत से नाराज ग्रामीणों ने लोटन में जाम लगाकर कार्रवाई की मांग की। करीब पांच घंटे बाद पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार, सीओ विश्वजीत सोरयान मौके पर पहुंचे।
अस्पताल में भीड़ व हंगामे के कारण इमरजेंसी सेवाएं प्रभावित रही। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई है।


