•ब्रजरज उत्सव में रूट्स: नादात्म बैंड की भजन क्लबिंग ने बांधा समां, आधुनिक संगीत के साथ गूंजे कृष्ण, राम और शिव के भजन
मथुरा। ब्रजरज उत्सव में बीते मंगलवार को धौली प्याऊ रेलवे ग्राउंड पर रूट्स: नादात्म बैंड की भजन क्लबिंग प्रस्तुति ने भक्ति और आधुनिक संगीत का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। पारंपरिक भजनों को आधुनिक धुनों में पिरोकर कलाकारों ने ऐसा समां बांधा कि श्रोता झूमने को मजबूर हो गए। भगवान श्रीकृष्ण, श्रीराम और भगवान शिव की स्तुति से सजी प्रस्तुति ने ब्रज की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को सुरों में जीवंत कर दिया।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित ब्रजरज उत्सव के पांचवें दिन कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना और हनुमान चालीसा से हुई। इसके बाद कृष्ण भक्ति के सुर गूंजने लगे। ‘मेरे बांके बिहारी लाल, ना करियो इतना शृंगार, नजर तोय लग जाएगी’, ‘राधे अलबेली सरकार’, ‘राधिका गोरी से ब्रज की छोरी से’, ‘मेरे कान्हा ने बंसी बजाई’ और ‘मीठे रस से भरी रे राधा रानी लागे’ जैसे भजनों ने माहौल भक्तिमय कर दिया।
वहीं, ‘श्री राम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में’, ‘राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी’, ‘शिव तांडव’, ‘हरे रामा हरे कृष्णा’, ‘अच्युतम केशवम’, ‘काली कमली वाला मेरा यार है’ और ‘ऐगिरी नंदिनी’ की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को भक्ति के विभिन्न रंगों से सराबोर किया।
संगीतमय प्रस्तुति में कृष्णा शुक्ला, गौरव त्रिपाठी और सत्यराज मिश्रा ने गायन किया। सार्थक रैकवार ने ड्रम, अमित हवेलिया ने बास गिटार, रितुल हजारिका ने लीड गिटार, हर्ष कुलपरिया ने बांसुरी, करण मूरजानी ने कीबोर्ड तथा अमन ने तबला और ढोलक पर संगत की। आरव कान्हा शर्मा ने आयोजन की जिम्मेदारी संभाली, जबकि राहिल शर्मा बैंड मैनेजर और अभिराज शर्मा समन्वयक रहे। कार्यक्रम का संचालन मांडवी राठौड़ ने किया।
खानपान, झूलों और खरीदारी से गुलजार रहा मेला
धौली प्याऊ रेलवे ग्राउंड पर शाम होते ही मेले में लोगों की चहल-पहल बढ़ रही है। विभिन्न शहरों के व्यंजनों के स्टॉलों पर लोग स्वाद का आनंद ले रहे हैं, वहीं गोकुल ग्राम में सेल्फी लेने और यादगार पलों को कैमरे में कैद करने का उत्साह दिखाई दे रहा है। बच्चे और युवा विभिन्न झूलों का आनंद ले रहे हैं। खादी एवं स्वदेशी उत्पादों के स्टॉलों पर कपड़े, हस्तशिल्प, सजावटी वस्तुएं और घरेलू सामान खरीदने के लिए भी लोग पहुंच रहे हैं।
बुधवार को होंगी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
ब्रजरज उत्सव में बुधवार को धौली प्याऊ रेलवे ग्राउंड पर विभिन्न कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 2:30 बजे धर्मवीर सिंह (डॉक्टर ब्रदर्स) और 3:30 बजे शुभम चौधरी भजन प्रस्तुत करेंगे। शाम 4:30 बजे रघुकुल डिवोशनल बैंड की ओर से भजन एवं लोकनृत्य की प्रस्तुति होगी। शाम 6:30 बजे अतिथि कलाकार ईशिता विश्वकर्मा अपनी प्रस्तुति देंगी।


