मथुरा। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने मथुरा जनपद के बदौता में निर्माणाधीन वृहद गौ-संरक्षण केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों तथा कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एस.एन. शुक्ला, खंड विकास अधिकारी श्रीमती ज्योति शर्मा तथा कार्यदायी संस्था के साइट इंचार्ज उपस्थित रहे। अधिकारियों ने निर्माणाधीन गौ-संरक्षण केंद्रों की व्यवस्था और निर्माण कार्यों की स्थिति का अवलोकन किया।
*गुणवत्ता जांच के लिए तकनीकी समिति बनाने के निर्देश*
मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यदायी संस्था के साइट इंचार्ज को निर्देशित किया कि गौ-संरक्षण केंद्रों का निर्माण स्वीकृत प्राक्कलन के अनुरूप गुणवत्तापरक तरीके से कराया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
डॉ. पूजा गुप्ता ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को तत्काल तकनीकी समिति गठित कर निर्माण कार्यों की जांच कराने के निर्देश दिए, ताकि कार्यों की गुणवत्ता का सत्यापन किया जा सके और किसी भी प्रकार की कमी मिलने पर आवश्यक सुधार कराया जा सके।
*गौवंश की सुरक्षा के लिए फेंसिंग कार्य पर जोर*
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि स्वीकृत प्राक्कलन के अनुसार गौ-संरक्षण केंद्रों के लिए चिन्हित समस्त भूमि पर तार फेंसिंग अथवा बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया जाए। इससे उद्देश्य गौ-संरक्षण केंद्र में रहने वाले गौवंश को सुरक्षित रखना और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं, जिससे गौ-संरक्षण केंद्रों का संचालन व्यवस्थित ढंग से किया जा सके।


