•ट्रैक्टर-ट्रॉली को करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया डंपर, चालक वाहन छोड़कर फरार
रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी
औरैया। ककोर बाजार के आगे बने ब्रेकर पर गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने धान बेचकर लौट रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली डंपर में फंसकर करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक बाल-बाल बच गया। घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, सहायल थाना क्षेत्र के उपरेंगा गांव निवासी जसवंत सिंह का 22 वर्षीय पुत्र पंकज ट्रैक्टर लेकर औरैया मंडी में धान बेचने गया था। मंडी से वापस लौटते समय ककोर बाजार के आगे बने ब्रेकर पर पीछे से आ रहे डंपर ने उसके ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली डंपर में फंस गई और करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर चालक पंकज को चिचौली स्थित अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। उसकी हालत में सुधार बताया गया है।
वहीं, घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


