•बस्ती से बड़ी संख्या में पहुंचे पदाधिकारी और समर्थक
•कन्हैया यादव भारतीय के नेतृत्व में दिल्ली पहुंचे कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, अमित प्रताप सिंह बोले- सरकार का तानाशाही रवैया अब नहीं चलेगा
बस्ती। नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए बस्ती से किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष कन्हैया यादव भारतीय के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के लिए आवाज बुलंद की।
इस अवसर पर किसान कांग्रेस पूर्वी जोन के प्रदेश उपाध्यक्ष अमित प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार का तानाशाही रवैया अब नहीं चलेगा। देश की जनता जाग चुकी है और लोकतांत्रिक अधिकारों तथा संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर सजग है। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा और लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी तत्परता के साथ संघर्ष कर रही है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सर्वोपरि है। संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना बेहद जरूरी है। कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक अपनी लड़ाई जारी रखेगी।
रामलीला मैदान में बस्ती से पहुंचे किसान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एकजुटता प्रदर्शित करते हुए पार्टी के आंदोलन को मजबूती प्रदान की।


