•लोक गायन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला वर्ष 2022 का अकादमी अवार्ड।
रिपोर्ट : विजय नागपाल।
मथुरा। ब्रज लोकगीत गायिका माधुरी शर्मा को लोक गायन के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी द्वारा वर्ष 2022 का प्रतिष्ठित अकादमी अवार्ड प्रदान किया गया। यह सम्मान समारोह वर्ष 2026 में लखनऊ स्थित राजभवन (जन भवन) में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।
समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने माधुरी शर्मा को सम्मानित किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष जयंत खोत, उपाध्यक्ष श्रीमती विभा सिंह तथा निदेशक शोभित नाहर भी मंचासीन रहे।
सम्मान प्राप्त करने के बाद माधुरी शर्मा ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने गुरुजनों, परिवारजनों एवं संगीत प्रेमियों के स्नेह, सहयोग और आशीर्वाद को दिया। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार तथा उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें लोक संस्कृति और लोक संगीत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए और अधिक प्रेरित करेगा।
समारोह में कला एवं संस्कृति जगत से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। माधुरी शर्मा को मिले इस सम्मान से मथुरा सहित पूरे ब्रज क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है।