•होडल-खिरवी में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, खिरवी में ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत
•हरियाणा पुलिस ने भी दिया विशेष सहयोग
कोसीकला। ब्रज की पावन धरा का विस्तार केवल मथुरा जनपद तक सीमित नहीं है, बल्कि राजस्थान के डीग और हरियाणा के मेवात एवं पलवल जिलों तक फैला हुआ है। इन क्षेत्रों की प्राचीन लीलास्थलियां श्री राधा कृष्ण की दिव्य लीलाओं और ब्रज की समृद्ध आध्यात्मिक परंपरा की साक्षी हैं। इसी अखंड ब्रजभूमि में इन दिनों बरसाना के मान मंदिर से निकली राधारानी ब्रजयात्रा भक्ति और श्रद्धा की अलख जगा रही है।
24 अक्टूबर को प्रारंभ हुई ब्रज की सबसे बड़ी राधारानी ब्रजयात्रा रविवार को हरियाणा के होडल गढ़ी से आगे बढ़ते हुए होडल, खिरवी होते हुए भिडूकी पहुंची। यात्रा के मार्ग में पड़ने वाले गांवों में ग्रामीणों ने आत्मीयता के साथ श्रद्धालुओं का स्वागत किया। श्रीजी के जयकारों और हरिनाम संकीर्तन के बीच आगे बढ़ते यात्रियों पर जगह-जगह पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। उत्तर प्रदेश की सीमा पार कर हरियाणा में भी यात्रा को मिला यह स्नेह ब्रजभक्ति की व्यापकता का अनुपम उदाहरण बना।
हरियाणा में यात्रियों के सुरक्षित आवागमन और सकुशल निकासी के लिए हरियाणा पुलिस ने विशेष सहयोग दिया। पुलिसकर्मियों ने मार्ग व्यवस्था संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस सहयोग के लिए यात्रा प्रबंधन के राधाकांत शास्त्री और ब्रजदास सुनील सिंह ने हरियाणा पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
खिरवी गांव में विशेष रूप से उत्सव जैसा वातावरण दिखाई दिया। यहां ग्रामवासियों ने पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव से यात्रियों का अभिनंदन किया तथा उनके लिए भोजन की व्यवस्था भी की। ग्रामीणों की सेवा भावना और आत्मीय सत्कार से श्रद्धालु अभिभूत नजर आए। ब्रज की परंपरा में संतों और तीर्थयात्रियों की सेवा को श्रीजी की सेवा के समान माना जाता है। खिरवी के ग्रामीणों ने इस परंपरा को अपने व्यवहार से जीवंत कर दिया।
उल्लेखनीय है कि ब्रज की यह यात्रा केवल तीर्थस्थलों के दर्शन और परिक्रमा तक सीमित नहीं है, बल्कि ब्रजमंडल की प्राचीन लीलास्थलियों, लोक आस्थाओं और आध्यात्मिक विरासत को एक सूत्र में पिरोने का अभियान है। मथुरा, राजस्थान और हरियाणा के गांवों में मिल रहा अपार स्नेह इस बात को प्रमाणित कर रहा है कि ब्रज की भक्ति भौगोलिक सीमाओं से परे जन-जन के हृदय में बसी हुई है। आज सोमवार को राधारानी ब्रजयात्रा का अगला पड़ाव शेषशायी में रहेगा।


