सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम; घाटों पर तैराकी प्रतिबंधित, सीसीटीवी से होगी निगरानी
बस्ती। दीपावली, छठ पूजा एवं मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं के विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश शासन एवं जिला प्रशासन ने व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता ने जनपदवासियों से निर्धारित नियमों का पालन करते हुए त्योहारों को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि दीपावली एवं लक्ष्मी पूजा के दौरान पटाखों की खरीदारी केवल वैध लाइसेंसधारी दुकानदारों से निर्धारित स्थानों पर ही करें। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए निर्धारित समय में केवल हरित पटाखों का प्रयोग करें। प्रतिबंधित एवं अधिक ध्वनि वाले पटाखों से परहेज करें। पटाखे जलाते समय ढीले कपड़े न पहनें तथा आसपास बालू और पानी की बाल्टी अवश्य रखें।
अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
उन्होंने बताया कि बाजारों, दुकानों और घरों में दीप एवं विद्युत सजावट करते समय शॉर्ट सर्किट से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतें। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दमकल विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। आग लगने की स्थिति में तत्काल फायर सर्विस के हेल्पलाइन नंबर 101 पर सूचना दें।
बाजारों में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
त्योहारों के दौरान बस्ती शहर के प्रमुख बाजारों में भीड़ नियंत्रण और जाम से बचाव के लिए भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। यातायात विभाग की ओर से रूट डायवर्जन भी लागू किया गया है। लोगों से अपील की गई है कि निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें।
विसर्जन स्थलों पर सीसीटीवी से होगी निगरानी
मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए अमहट घाट सहित अन्य चिह्नित जल स्रोतों पर प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रतिमाओं का विसर्जन केवल निर्धारित मार्गों और स्थलों पर ही किया जाएगा। प्रमुख घाटों एवं विसर्जन मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर गोताखोरों, नाविकों और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रतिमाओं के विसर्जन से पहले उन पर चढ़ी प्लास्टिक, थर्माकोल, नायलॉन एवं रासायनिक पूजन सामग्री को अलग करने की अपील की गई है, ताकि जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाया जा सके।
छठ घाटों पर सफाई, प्रकाश और बैरिकेडिंग की व्यवस्था
छठ महापर्व के दृष्टिगत जिले के प्रमुख तालाबों, पोखरों और नदी घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था की गई है। गहरे पानी वाले संवेदनशील स्थलों पर बांस अथवा लोहे की बैरिकेडिंग कराई जाएगी, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
घाटों पर तैराकी पूरी तरह प्रतिबंधित
व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर पुलिस बल के साथ आपदा मित्रों, गोताखोरों और सुरक्षा टीमों की तैनाती की गई है। घाटों पर आम लोगों के लिए तैराकी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। अर्घ्य के दौरान पूजा सामग्री को इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित कूड़ेदानों में ही डालने की अपील की गई है।
अपर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि सभी पर्व आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ मनाएं। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी भ्रामक अथवा आपत्तिजनक अफवाह पर ध्यान न दें। यदि कोई व्यक्ति सामाजिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा डायल 112 पर दें।


