•गोरखपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, एनडीए के नेताओं ने भी की सहभागिता।
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत का लोकतंत्र जितना सशक्त होगा, देश उतना ही आत्मनिर्भर और विकसित बनेगा। लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं की मजबूती ही देश की प्रगति का आधार है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को जनपद गोरखपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में सहभागिता की। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा एनडीए के सहयोगी दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन दलों का उद्देश्य भारत के संविधान, लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा करना है। उन्होंने कहा कि जिन संवैधानिक संस्थाओं के आधार पर देश का लोकतंत्र टिका हुआ है, उन्हें कमजोर करने की किसी भी कोशिश को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस, इंडी गठबंधन और उनके सहयोगी दलों को देशवासियों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।


