👉 प्रतिमाओं की स्थापना से लेकर विसर्जन तक की व्यवस्था को सम्बन्धित अधिकारीगण स्थलीय निरीक्षण कर सम्भावित समस्याओं का करें निराकरण-मंडलायुक्त।
👉 आगामी त्योहार धनतेरस, दीपावली, भैयादूज एवं छठ पूजा परम्परागत ढंग से मनाये जनपदवासी-मण्डलायुक्त।
👉 समस्त अधिकारीगण संवेदनशीलता एवं आपसी समन्वयता के साथ सभी आवश्यक तैयारी करें पूर्ण-डीआईजी।
केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। मण्डलायुक्त बस्ती मण्डल, बस्ती वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में धनतेरस, दीपावली, भैयादूज, छठ पूजा सहित आगामी त्योहारों को सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाई-चारे के माहौल में मनाये जाने के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक संपन्न हुई।
इस अवसर पर उप पुलिस महानिरीक्षक बस्ती, परिक्षेत्र बस्ती संजीव त्यागी, जिलाधिकारी अनुज मलिक, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) सत्य प्रकाश, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह व मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी उपस्थित रहे।
शांति समिति की बैठक में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं परंपरागत तरीके से मनाए जाने के दृष्टिगत मंडलायुक्त एवं डीआईजी द्वारा उपस्थित जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक से विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त करते हुए जनपद में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के सुचारू संचालन की समीक्षा की गई।
बैठक में मंडलायुक्त ने जनपद के विभिन्न विकास खण्डों और थाना क्षेत्रों से आये हुए शांति समिति के सदस्यों एवं सम्भ्रान्त व्यक्तियों का स्वागत एवं दीपावली सहित अन्य त्यौहारों की हार्दिक शुभकामानाएं देते हुए कहा कि संत कबीर दास जी की धरती पर सामाजिक सद्भाव एवं सामाजिक समरसता के साथ विभिन्न समुदाय के त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं एक दूसरे की भावनाओं की कद्र करते हुए मिलजुल कर मनाये जाने की परम्परा रही है, उसी परम्परा का निर्वहन करते हुए हम सब इस बार भी दीपावली सहित सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से मनायेगें। उन्होंने कहा कि त्योहारों को मनाये जाने के दौरान आम जनमानस की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था का पालन सुनिश्चित करने हेतु पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। शांति, सुरक्षा, कानून व्यवस्था अथवा त्योहारों का मूल उद्देश्य भंग करने अथवा किसी भी अन्य तरीके से जैसे-व्हाट्सस्एप, फेसबुक, इन्स्टाग्राम व अन्य किसी सोशल मीडिया पर भ्रामक टिप्पणी करने या किसी भी तरह का अफवाह फैलाने वालों के विरूद्ध त्वरित एवं सख्त कार्यवाही की जाएगी।
मंडलायुक्त ने त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं जैसे बिजली, पानी, साफ सफाई आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कराने हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया।
उन्होंने दीपावली सहित आगामी त्योहारों को सकुशल सम्पन्न कराये जाने हेतु किसी भी सम्भावित समस्या/सुविधाओं/सुझावों आदि के बारे में बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों एवं अन्य क्षेत्रीय सम्भ्रान्त नागरिकों से जानकारी प्राप्त करते हुए सम्बंधित विभागीय अधिकारी को तत्काल कार्यवाही कर समाधान कराने के निर्देश दिये।
उन्होंने प्रशासन/पुलिस प्रशासन द्वारा की गयी तैयारियों की तहसीलवार/थानावार जानकारी प्राप्त करते हुये आवश्यक बिन्दुओं पर सम्बन्धित अधिकारियों का मार्ग दर्शन किया। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि डी0जे0 एवं अन्य वाद्य यंत्रो को तेज आवाज में न बजाया जाए, लक्ष्मी प्रतिमाओं/मूर्तियों की उचाई ज्यादा न रखी जाए, जिससे बिजली के तारों आदि में छू जाने से दुर्घटना की सम्भावना बनी रहती है और यदि किसी स्थान पर प्रतिमा की उंचाई अपेक्षाकृत अधिक है तो सम्बन्धित उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी द्वारा यह सुनिश्चित कर लिया जाये कि विसर्जन के दौरान रास्तों में किसी प्रकार का कोई अवरोध न हो।
मण्डलायुक्त ने सभी उप जिलाधिकारी, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत, अधिशाषी अभियन्ता विद्युत सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारियों से तैयारियों/कृत कार्यवाहियों के सम्बन्ध में विशेष जानकारी प्राप्त करते हुये स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि आवश्कतानुसार बार-बार स्थलीय भ्रमण कर पहले से ही सम्भावित समस्यायों का निराकरण सुनिश्चित कर लिया जाये। दीपावली के दृष्टिगत पटाखे के लाइसेन्स का निरीक्षण कर लिया जाए, अवैध तरीके से पटाखे न बेचा जाए एवं पटाखों का अवैध भण्डारण न हो।
बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र बस्ती संजीव त्यागी ने दीपावली सहित समस्त आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए त्योहारों के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को मेन्टेन रखते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में परम्परागत तरीके से एक दूसरे की धार्मिक भावनाओं के आदर के साथ त्योहारों को मनाने की अपील किया है।
उन्होंने प्रशासनिक एवं पुलिस के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनपद में लक्ष्मी प्रतिमाओ का विसर्जन पूर्व निर्धारित रास्तों से ही गुजरते हुए निर्धारित स्थलों पर ही किया जाए। विसर्जन के रास्तों में बिजली के पोल, विद्युत तारों, केबल एवं सड़कों की स्थिति सहित साफ-सफाई आदि को सम्बंधित उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं विभागीय अधिकारीगण स्वंय मौके पर पहुंचकर निरीक्षण कर लें और किसी भी सम्भावित दुर्घटना के कारणों को समय रहते ठीक कर लिया जाए। सभी आवश्यक जगहों के साथ-साथ विसर्जन जुलुस के साथ समुचित पुलिस बल का डिप्लायमेन्ट सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने समस्त अधिकारियों को पूरी सतर्कता एवं सवेंदनशीलता के साथ त्योहारों को सकुशल सम्पन्न कराने में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने हेतु निर्देशित किया।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने जनपद में त्योहारों को शांति, सुरक्षा एवं परम्परागत रूप से सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराये जाने के दृष्टिगत की गयी तैयारियों की विस्तृत जानकारी मण्डलायुक्त एवं डीआईजी को देते हुये कहा कि सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ कर लिया गया है। इस सम्बन्ध में मण्डलायुक्त एवं डीआईजी द्वारा दिये गये निर्देशों/मार्गदर्शन का अक्षरशः पालन किया जायेगा। अधिकारीद्वय ने मण्डलायुक्त एवं डीआईजी को आवश्यक दिशा-निर्देश/मार्गदर्शन देने के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदयराम तिवारी, उप जिलाधिकारी मेंहदावल क्षिपा पाल, उप जिलाधिकारी धनघटा वीरेन्द्र प्रसाद गुप्ता, पुलिस क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय, पुलिस क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदमन सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी धनघटा अभय मिश्र, प्रभागीय वनाधिकारी हरिकेश यादव, अधि0अभि0 विद्युत राजेश कुमार, अधि0 अभि0 लो0नि0वि0 आर0के0 पाण्डेय, जिला कृषि अधिकारी डॉ0 सर्वेश कुमार यादव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा0 एस0के0 तिवारी, अधि0अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित थानाध्य़क्ष/प्रभारी निरीक्षक सहित क्षेत्र के सम्भ्रांत नागरिक, धर्मगुरु एवं त्योहार आयोजक आदि उपस्थित रहे।


