किसानों के लिए पेयजल, बैठने और टोकन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश, जिले में 60 हजार मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य
केके मिश्रा संवाददाता।
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी अनुज मलिक ने बुधवार को मंडी परिसर में संचालित छह धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र प्रभारियों को किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने और धान खरीद में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान खाद्य विभाग के मंडी यार्ड प्रथम क्रय केंद्र पर ग्राम कटबंध, नेहिया खुर्द बुजुर्ग निवासी किसान नर्वदेश्वर सिंह करीब 65 क्विंटल धान लेकर पहुंचे थे। जिलाधिकारी ने किसान का माल्यार्पण कराकर धान खरीद का शुभारंभ कराया।
जिलाधिकारी ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीद एक नवंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक होगी। सरकार ने सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये और ग्रेड-ए धान का 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। जनपद में कुल 60 हजार मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 64 क्रय केंद्र अनुमोदित किए गए हैं।
जिले में अब तक 806 किसानों ने धान बिक्री के लिए पंजीकरण कराया है, जिनमें से 369 किसानों का सत्यापन हुआ है।
डीएम ने केंद्र प्रभारियों को किसानों के बैठने और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिक किसानों के पहुंचने पर टोकन रजिस्टर बनाने, क्रमवार तौल कराने और किसानों से शालीनतापूर्ण व्यवहार करने को कहा। उन्होंने सभी केंद्रों पर खरीद सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए।


