यम द्वितीया को राजकीय मेला घोषित कराने के लिए शासन को भेजा जाएगा पत्र, महापौर की गैरमौजूदगी रही चर्चा में।
विजय नागपाल।
मथुरा। मथुरा-वृंदावन नगर निगम की बोर्ड बैठक में शहर की मूलभूत समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर पार्षदों ने सवाल उठाए। बैठक में वृंदावन के मुख्य मार्ग पर फूड कोर्ट बनाने और यम द्वितीया पर्व को राजकीय मेला घोषित कराने के लिए शासन को पत्र भेजने का प्रस्ताव पारित किया गया।

बैठक में पार्षद गुलशन ने नगर निगम कर्मचारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिकायतों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होता। उप पार्षद नेता बालकिशन पाठक ने अधूरे बारातघर निर्माण का मुद्दा उठाया। वृंदावन के पार्षद राधाकृष्ण पाठक ने विद्युत विभाग में एक ही ठेकेदार को काम दिए जाने पर सवाल किए। वहीं, मुन्ना मलिक ने आजाद मार्केट की समस्या और अभिजीत चौधरी ने सफाई कर्मचारियों की भर्ती का मुद्दा उठाया।
बैठक में वृंदावन के मुख्य मार्ग पर फूड कोर्ट निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। यम द्वितीया को राजकीय मेला घोषित कराने के लिए शासन को पत्राचार करने पर भी सहमति बनी। वहीं, राजकीय महाविद्यालय वृंदावन में खेल मैदान के लिए भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव फिलहाल स्थगित कर दिया गया।
बैठक में महापौर विनोद अग्रवाल की अनुपस्थिति चर्चा का विषय रही। अध्यक्षता उपसभापति मुकेश सारस्वत ने की। इस दौरान नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार, सहायक नगर आयुक्त अनुज कुमार कौशिक सहित निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


