•2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित हुआ समर्थन मूल्य, किसानों की सुविधा और समय से भुगतान के दिए निर्देश
रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने गुरुवार को राजकीय धान क्रय केंद्र, मंडी नौगढ़ परिसर में किसानों का माला पहनाकर स्वागत करते हुए धान खरीद का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने किसान लक्ष्मीकांत निवासी ग्राम करनहां और रीता श्रीवास्तव निवासी ग्राम हरदीहवा को माला पहनाकर सम्मानित किया।
धान खरीद का शुभारंभ करने के बाद जिलाधिकारी ने केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया कि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। किसानों को निर्धारित समय सीमा के भीतर भुगतान सुनिश्चित कराया जाए।
उन्होंने क्रय केंद्रों पर किसानों के बैठने के लिए समुचित व्यवस्था करने के साथ ही पेयजल सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र प्रभारियों का किसानों के प्रति व्यवहार संवेदनशील और सहयोगात्मक होना चाहिए। धान खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जाए और किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए।
उन्होंने बताया कि धान खरीद से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या या असुविधा होने पर किसान हेल्पलाइन नंबर 9565772025 पर सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने किसान भाइयों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कराने की अपील करते हुए कहा कि पंजीकरण के बाद किसान सरकारी क्रय केंद्रों पर अपना धान बेचकर निर्धारित समर्थन मूल्य का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी रमेश श्रीवास्तव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


