दिलीप कुमार।
कलवारी, बस्ती। बस्ती-कलवारी राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर स्थित श्री नर्मदेश्वर नाथ शिव मंदिर परिसर पिछले करीब एक महीने से अंधेरे में डूबा है। मंदिर की विद्युत व्यवस्था ठप होने से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दीवाली जैसे प्रमुख त्योहार से ठीक पहले मंदिर परिसर में रोशनी नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्राम पंचायत के प्रशासक रामफेर ने विद्युत वितरण खंड द्वितीय, बस्ती के अधिशासी अभियंता (XEN) को पत्र लिखकर मंदिर परिसर की विद्युत व्यवस्था तत्काल बहाल कराने की मांग की है।
प्रशासक ने पत्र में बताया कि पंचायत की ओर से विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था कराई गई थी, जिसमें श्री नर्मदेश्वर नाथ शिव मंदिर परिसर भी शामिल है। लेकिन पिछले करीब एक महीने से मंदिर की बिजली व्यवस्था खराब है। इसके चलते मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा हो रही है।
मंदिर व्यवस्थापकों का कहना है कि उन्होंने कलवारी उपकेंद्र के अधिकारियों और लाइनमैन से कई बार विद्युत आपूर्ति बहाल करने का अनुरोध किया, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। त्योहार नजदीक होने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
श्रद्धालु देवानंद शुक्ला ने कहा कि बिजली विभाग की ओर से आमजन की धार्मिक भावनाओं की अनदेखी करना उचित नहीं है। तमाम अनुरोधों के बावजूद बिजली बहाल नहीं होना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि मंदिर की बिजली काटे जाने की पुष्टि पावर हाउस की ओर से भी की गई है।
अब सवाल यह है कि दीवाली से पहले मंदिर परिसर में रोशनी की व्यवस्था कब बहाल होगी और जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या का समाधान कब करेंगे।


