सूर्यदर्शन, खगोलीय प्रश्नोत्तरी और पेंटिंग प्रतियोगिता के साथ लगेगा निःशुल्क आधार शिविर
लखनऊ। बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर 2026 को इन्दिरा गांधी नक्षत्रशाला में विद्यार्थियों एवं आमजन के लिए विशेष शैक्षिक और वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर करीब 4000 से 4500 विद्यार्थियों एवं दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। सामान्य दिनों में नक्षत्रशाला में औसतन 400 से 600, जबकि विशेष अवसरों पर लगभग एक हजार दर्शक प्रतिदिन पहुंचते हैं।
बाल दिवस पर बच्चों को विज्ञान एवं खगोल विज्ञान के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ ही उपयोगी नागरिक सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के सहयोग से निःशुल्क आधार शिविर भी लगाया जाएगा। शिविर में विद्यार्थियों को आधार से संबंधित आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और खगोलीय जिज्ञासा विकसित करने के लिए सूर्यदर्शन, खगोलीय प्रश्नोत्तरी, पेंटिंग प्रतियोगिता सहित विभिन्न विज्ञान आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन सभी गतिविधियों में प्रतिभाग पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
आयोजन के माध्यम से बच्चों को खगोलीय घटनाओं, सौरमंडल, अंतरिक्ष विज्ञान एवं वैज्ञानिक अवधारणाओं की रोचक जानकारी दी जाएगी। साथ ही मनोरंजक और सहभागितापूर्ण गतिविधियों के जरिए उन्हें विज्ञान को करीब से समझने तथा अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि इन्दिरा गांधी नक्षत्रशाला, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत संचालित परिषद का प्रमुख विज्ञान संचार एवं खगोल विज्ञान जागरूकता केंद्र है। यहां समय-समय पर विद्यार्थियों और आमजन के लिए विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने वाले शैक्षिक एवं जनोपयोगी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।


