-बच्चों ने खुद तैयार किए खाद्य पदार्थ, स्टॉल लगाकर सीखा खरीद-बिक्री और लेन-देन का हुनर
बस्ती। हर्रैया विकास क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय रेवरादास में शनिवार को प्रधानाध्यापक उदय प्रताप सिंह के नेतृत्व में बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि समाजसेवी अन्तेश सिंह, एआरपी मनोज कुमार मिश्र, रवीश कुमार मिश्र और काशीराम वर्मा ने किया।बाल मेले में बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थों के साथ शैक्षिक गतिविधियों से जुड़े आकर्षक स्टॉल लगाए। बच्चों द्वारा स्वयं तैयार की गई टिकिया, चाउमीन, फुल्की, फ्रूट चाट, समोसा सहित कई व्यंजनों के स्टॉल मेले का मुख्य आकर्षण रहे। अतिथियों, ब्लॉक के शिक्षकों और बच्चों ने निर्धारित कीमत पर सामानों की खरीदारी कर नन्हे दुकानदारों का उत्साह बढ़ाया।
मुख्य अतिथि ने कहा कि बाल मेले जैसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और उद्यमशीलता का विकास होता है। किताबी ज्ञान के साथ इस तरह के व्यावहारिक अनुभव बच्चों को जीवन की वास्तविक परिस्थितियों से परिचित कराते हैं।
उन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालयों में ऐसे आयोजन नियमित रूप से होने चाहिए। एआरपी मनोज कुमार मिश्र, रवीश कुमार मिश्र और काशीराम वर्मा ने कहा कि बाल मेला गतिविधि आधारित शिक्षण का बेहतर उदाहरण है। इसके माध्यम से बच्चों को गणितीय गणना, लेन-देन, संवाद कौशल, टीम भावना और निर्णय लेने की क्षमता सीखने का अवसर मिलता है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में सीखने के प्रति रुचि बढ़ती है और उनकी छिपी प्रतिभा को मंच मिलता है। स्टॉल लगाने में सृष्टि, स्वीटी, शाहजहां, रुखसार, अल्तमश, सत्यम, कमलेश, आसनी, आशिया और आर्या सिंह सहित अन्य बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रतियोगिता में सृष्टि और आर्या सिंह ने प्रथम, गरिमा, अल्तमश और अंशिका ने द्वितीय तथा दिव्यांशी, आंचल और शाहजहां ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता बच्चों को मुख्य अतिथि ने सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राम सागर वर्मा और विकास पाण्डेय, सत्यराम वर्मा, गिरिजेश बहादुर सिंह, सर्वदेव सिंह, योगेश सिंह, चिन्मय राय, संजय कुमार, डॉ वन्दना सिंह, भागीरथी यादव, राजरतन बौद्ध, अनिल धर दूबे, अनीता वर्मा, सीता चौधरी, नेवालती देवी, वंदनी चौरसिया आदि उपस्थित रहे।


