केके मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के लिए आज का दिन एक ऐतिहासिक एवं अत्यंत भावुक क्षण का साक्षी बना, जब माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश श्री योगी आदित्यनाथ जी ने मेरठ में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह के अवसर पर प्रदेश के आठ जनपदों में नवनिर्मित सैनिक कल्याण भवनों एवं विश्राम गृहों का ऑनलाइन लोकार्पण किया। इनमें जनपद संत कबीर नगर का नवनिर्मित सैनिक कल्याण भवन भी सम्मिलित रहा।
इस अवसर पर लोकार्पण समारोह का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार, संत कबीर नगर में आयोजित किया गया, जिसे जनपद के बड़ी संख्या में उपस्थित पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, युद्ध विधवाओं एवं द्वितीय विश्व युद्ध की विधवाओं ने सामूहिक रूप से देखा। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्री जयकेश त्रिपाठी एवं जनपद के अन्य प्रशासनिक अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
यह अवसर उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के लिए अत्यंत भावुक, गौरवपूर्ण एवं अविस्मरणीय रहा। नवसृजित जनपद संत कबीर नगर की स्थापना के बाद से ही यहां के पूर्व सैनिकों की यह एक पुरानी आकांक्षा थी कि जनपद में अपना एक सैनिक कल्याण भवन हो, जहां पूर्व सैनिकों, सेवारत सैनिकों तथा उनके आश्रितों की विभिन्न समस्याओं का समाधान एक ही छत के नीचे उपलब्ध हो सके।
सैनिक कल्याण भवन के निर्माण से अब पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों को सैनिक कल्याण से संबंधित विभिन्न सेवाओं, पेंशन एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तथा समस्याओं के निराकरण के लिए एक सुव्यवस्थित केंद्र उपलब्ध हो सकेगा। यह भवन न केवल प्रशासनिक एवं कल्याणकारी गतिविधियों का केंद्र बनेगा, बल्कि जनपद के सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान, सहयोग एवं आत्मीय जुड़ाव का भी प्रतीक होगा।
जनपद संत कबीर नगर वीर सैनिकों एवं शूरवीरों की धरती रही है। इस जनपद ने वीर चक्र विजेता सिपाही सत्यवान सिंह जैसे रणबांकुरों को जन्म दिया है, जिन्होंने 1971 के भारत-पाक युद्ध में अदम्य साहस, शौर्य एवं पराक्रम का परिचय देते हुए दुश्मन के पैर उखाड़ दिए थे। उनकी वीरता और शौर्य जनपद की आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे।
इसी गौरवशाली सैनिक परंपरा को सम्मान देने तथा भावी पीढ़ियों को वीरता एवं देशभक्ति की प्रेरणा प्रदान करने के उद्देश्य से नवनिर्मित सैनिक कल्याण भवन में स्थित सभागार का नाम “वीर चक्र सिपाही सत्यवान सिंह सभागार” रखने का भी निर्णय लिया गया है। यह नामकरण जनपद के वीर सपूतों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता की स्थायी अभिव्यक्ति होगा।
कार्यक्रम के दौरान जनपद के समस्त उपस्थित पूर्व सैनिकों ने मेरठ में आयोजित पूर्व सैनिक रैली के अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा पूर्व सैनिकों के लिए घोषित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का हृदय से स्वागत किया तथा उनके प्रति आभार व्यक्त किया। पूर्व सैनिकों ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा पूर्व सैनिकों के प्रति प्रदर्शित यह प्रेम, स्नेह एवं आदर केवल भावनात्मक सम्मान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उनके प्रति सरकार की संवेदनशीलता, कटिबद्धता तथा पूर्व सैनिकों के पुनर्वास एवं कल्याण के प्रति उनकी दृढ़ प्रतिबद्धता को भी दोहराता है। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रदेश के लाखों पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के लिए विश्वास, सम्मान और नई आशा का संदेश है।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल राम मिश्रा ने इस अवसर पर उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके परिजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सैनिक कल्याण भवन के माध्यम से जनपद के सैनिक परिवारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी, उत्तर प्रदेश शासन, निदेशालय सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास, जिलाधिकारी एवं अध्यक्षा, जिला सैनिक कल्याण बोर्ड श्रीमती अनुज मलिक , मुख्य विकास अधिकारी श्री जयकेश त्रिपाठी, जिला प्रशासन संत कबीर नगर तथा भवन निर्माण की कार्यदायी संस्था यू०पी० सिडको (UP SIDCO) के अधिकारियों एवं अभियंताओं के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।
यह सैनिक कल्याण भवन जनपद के प्रत्येक सैनिक, पूर्व सैनिक और उनके परिवार के प्रति सम्मान, संवेदना एवं कृतज्ञता का प्रतीक है। यह केवल एक भवन नहीं, बल्कि जनपद के सैनिक समाज की वर्षों पुरानी आकांक्षा की पूर्ति और हमारी गौरवशाली सैनिक विरासत का सम्मान है।


