•30 नवंबर तक ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे परिवार का विवरण, स्व-गणना के बाद मिलेगी 11 अंकों की SE ID
संत कबीर नगर। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) की तैयारियों को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। इसमें 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित होने वाले स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान तथा 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक चलने वाले घर-घर जनसंख्या गणना अभियान की कार्ययोजना और तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी सत्य प्रकाश तथा मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी उपस्थित रहे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में बताया गया कि स्व-गणना अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न विभागों, कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, न्यायालयों, वित्तीय संस्थानों एवं अन्य प्रतिष्ठानों के माध्यम से नागरिकों को जागरूक कर अधिक से अधिक परिवारों की स्व-गणना सुनिश्चित कराई जाएगी। इसके लिए 16 से 29 नवंबर तक प्रतिदिन अलग-अलग विभागों और वर्गों को केंद्रित करते हुए विशेष दिवस निर्धारित किए गए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 नवंबर को राजस्व एवं प्रशासन दिवस, 17 नवंबर को स्थानीय शासन एवं ग्रामीण विकास दिवस, 18 नवंबर को युवा, खेल, सामुदायिक संस्थान एवं मीडिया दिवस, 19 नवंबर को पद्म पुरस्कार विजेता, निवासी कल्याण संघ एवं उच्च घनत्व वाले शहरी समूह, 20 नवंबर को न्यायिक दिवस, 21 नवंबर को वर्दीधारी सेना दिवस, 22 नवंबर को केंद्रीय सरकारी कार्यालय एवं वित्त दिवस, 23 नवंबर को शिक्षक दिवस, 24 नवंबर को स्वास्थ्य दिवस, 25 नवंबर को उद्योग एवं परिवहन दिवस, 26 नवंबर को महिला एवं स्वयं सहायता समूह दिवस, 27 नवंबर को डिजिटल एक्सेस सपोर्ट दिवस, 28 नवंबर को वर्क फ्रॉम होम दिवस तथा 29 नवंबर को गौरव दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इन अवसरों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ आम नागरिकों को भी स्व-गणना के लिए प्रेरित किया जाएगा।
ऐसे कर सकेंगे परिवार की स्व-गणना
जनपदवासी 16 से 30 नवंबर तक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर स्वयं और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए सबसे पहले पोर्टल पर जाकर राज्य का चयन करना होगा और कैप्चा भरना होगा। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करना होगा। अपनी पसंदीदा भाषा चुनने के बाद डिजिटल मैप पर घर का सही स्थान एवं नजदीकी लैंडमार्क चिह्नित करना होगा। इसके उपरांत परिवार के सभी सदस्यों से संबंधित प्रश्नावली भरकर फॉर्म सबमिट करना होगा।
स्व-गणना सफलतापूर्वक पूरी होने पर 11 अंकों की विशिष्ट SE ID प्राप्त होगी। नागरिकों को इस आईडी को सुरक्षित रखना होगा और 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचने वाले जनगणना अधिकारी (एन्यूमरेटर) को दिखाना होगा। स्व-गणना की प्रश्नावली में व्यक्ति की पहचान, शिक्षा, भाषा, रोजगार, जन्म सहित विभिन्न विषयों से संबंधित कुल 40 प्रश्न शामिल किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि जनगणना के प्रथम चरण में मकानों एवं आवासों की गणना और उनका चिन्हांकन किया गया था। अब द्वितीय चरण में प्रत्येक परिवार एवं व्यक्ति की वास्तविक जनसंख्या गणना की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि में अपनी स्व-गणना अवश्य पूरी करें और जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें, ताकि जनपद का सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़ा तैयार किया जा सके।


