•संत-महात्माओं के पावन सानिध्य में गूंजे जय श्रीकृष्ण के जयकारे, कथा व्यास आचार्य रंजीत जी महाराज को मिला संतों का आशीर्वाद।
.
नैमिषारण्य। पावन तीर्थ नैमिषारण्य स्थित वेद व्यास धाम प्रांगण में श्री ब्यास पीठाधीश श्री अनिल शास्त्री जी महाराज के आशीर्वाद एवं पावन प्रेरणा से आयोजित 108 श्रीमद्भागवत पारायण महायज्ञ एवं सत्संग समारोह का आज भव्य कलश यात्रा के साथ विधिवत शुभारंभ हुआ। धार्मिक आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से परिपूर्ण इस आयोजन में श्रद्धालुओं की सहभागिता ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कलश यात्रा के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और जय श्रीकृष्ण के उद्घोष से वातावरण गुंजायमान रहा।
इस पावन धार्मिक समारोह में कथा व्यास के रूप में आचार्य श्री रंजीत जी महाराज अपनी अमृतमयी वाणी से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में परम पूज्य महंत राजकुमार दास जी महाराज, अधिकारी श्री रामवल्लभाकुंज, जानकी घाट, अयोध्या धाम एवं सदस्य धार्मिक समिति, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट तथा पूज्य श्री आलोक दास जी महाराज, अध्यक्ष श्री चित्रकूट बालाजी ट्रस्ट एवं श्री श्यामा श्याम जू ट्रस्ट की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर विभिन्न तीर्थस्थलों से पधारे अनेक संत-महात्माओं का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ। सभी संतों ने कथा व्यास आचार्य श्री रंजीत जी महाराज को अपना मंगलमय आशीर्वाद प्रदान करते हुए आयोजन की सफलता एवं जनकल्याण की कामना की।
संतों की उपस्थिति और धार्मिक विभूतियों के आशीर्वचन से समारोह की गरिमा और भी बढ़ गई। श्रीमद्भागवत महापुराण को भक्ति, ज्ञान, वैराग्य और मोक्ष का अनुपम मार्ग बताते हुए इस प्रकार के आयोजनों को समाज में आध्यात्मिक चेतना, सद्भाव और धर्म-संस्कृति के संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम माना जाता है।
वेद व्यास धाम में शुरू हुआ यह 108 श्रीमद्भागवत पारायण महायज्ञ एवं सत्संग समारोह श्रद्धालुओं के लिए केवल एक धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि प्रभु भक्ति, संत सेवा और आध्यात्मिक अनुभूति का अनुपम अवसर बनकर सामने आया है।


