•हिमांचल प्रदेश के महामहिम राज्यपाल कविंदर गुप्ता के कर कमलों द्वारा होगा आश्रम का उद्घाटन
वृन्दावन। अल्हैपुर मार्ग (निकट राधा फ्लोरेंस) स्थित नवनिर्मित श्री दयाराम बद्री केदार आश्रम का पंच दिवसीय दिव्य व भव्य उदघाटन एवं मूर्ति प्राण प्रतिष्ठ समारोह दयाराम चैरिटेबल ट्रस्ट के द्वारा 18 से 22 नवम्बर 2026 पर्यंत विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मध्य अत्यन्त श्रद्धा एवं धूमधाम के साथ आयोजित किया गया है।
इस अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम की जानकारी देते हुए श्री दयाराम बद्री केदार आश्रम के संस्थापक अध्यक्ष आचार्य कमल नयन जी महाराज ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 18 नवंबर को प्रातः काल 09 बजे से गाजे-बाजे के मध्य निकलने वाली भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। तपश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य हिमांचल प्रदेश के महामहिम राज्यपाल कविंदर गुप्ता के कर कमलों के द्वारा श्री दयाराम बद्री केदार आश्रम का उद्घाटन होगा।इसके साथ ही वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा देव पूजन आदि अनुष्ठान भी प्रारंभ होंगे।सायंकाल 06 बजे से प्रख्यात भजन गायिका सुश्री करुणा चौहान (हरिद्वार) के द्वारा एवं 08 बजे से भजन सम्राट निकुंज कामरा (दिल्ली) के द्वारा मधुर भजनों का गायन किया जाएगा।
श्रद्धेय कमल नयन महाराज ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत नित्य 108 ब्राह्मणों द्वारा सहस्र चंडी पाठ होंगे। 19 नवम्बर को सायं 05 से 07 बजे तक अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त भजन गायक बनवारी लाल संगीताचार्य के द्वारा बज संकीर्तन संध्या का आयोजन होगा। इसके अलावा रात्रि 8:00 बजे से भगवान श्रीकृष्ण की अत्यंत मनोहारी रासलीला के दर्शन समस्त भक्तों-श्रद्धालुओं को होंगे।
कार्यक्रम की संयोजक आचार्य युगल किशोर कटारे ने बताया कि 20 नवम्बर को अपराह्न 03 बजे से 06 बजे तक विराट सन्त-विद्वत सम्मेलन आयोजित होगा। रात्रि 08 बजे से 10 बजे तक विनय गोस्वामी के निर्देशन में प्रख्यात कलाकारों के द्वारा चरकुला, मोर-दीपक एवं रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी।
अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुराणाचार्य डॉ. मनोज मोहन शास्त्री ने बताया कि 21 नवम्बर को सायं काल 04 से 07 बजे तक श्रीहनुमदाराधन मण्डल (वृन्दावन) के तत्वावधान में सुन्दर काण्ड का संगीतमय सामूहिक पाठ किया जाएगा। तत्पश्चात रात्रि 08 बजे से श्री तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव आयोजित होगा।साथ ही उत्तराखंड के प्रख्यात कलाकारों द्वारा उत्तराखंड का परम्परागत लोक नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।इसके अलावा रात्रि में मां दक्षिणी काली मूर्ति व भगवान श्रीबद्रीविशाल के चित्रपट का नगर भ्रमण कराया जाएगा।
ब्रजभूमि कल्याण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित बिहारी लाल वशिष्ठ ने बताया कि 22 नवंबर को मध्यान 11:00 बजे से पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ महोत्सव का समापन होगा।इस कार्यक्रम में देश के प्रमुख राजनेता, प्रमुख सन्त, धर्माचार्य, समाजसेवी व भक्त-श्रद्धालु आदि भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि इस वृहद कार्यक्रम के माध्यम से श्रीबदरीनाथ धाम एवं श्रीधाम वृन्दावन के बीच नवीन संबंधों का स्तम्भ स्थापित होगा।


