बस्ती। सदर विकासखंड के सुकरौली ग्राम पंचायत में सफाई व्यवस्था की बदहाली किसानों पर भारी पड़ रही है। गांव की नालियां जाम होने से गंदा पानी खेतों में भर गया है, जिससे धान की फसल सड़कर बर्बाद हो गई। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर गांव निवासी गोपाल उपाध्याय ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
गोपाल उपाध्याय का आरोप है कि ग्राम पंचायत में तीन सफाई कर्मचारियों की तैनाती है, लेकिन नियमित सफाई नहीं होती। एक कर्मचारी घनश्याम कभी-कभार गांव में दिखाई देते हैं और प्रधान के घर के सामने सफाई करके चले जाते हैं। वहीं, दो अन्य सफाई कर्मचारी करीब एक साल से गांव में दिखाई नहीं दिए हैं। इसके चलते गांव में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा है और नालियां जाम पड़ी हैं। नालियों का पानी खेतों में पहुंचने से किसानों की धान की फसल खराब हो गई है।
पीड़ित का कहना है कि ग्रामीणों ने कई बार ग्राम प्रधान रामकोट से समस्या के समाधान की मांग की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर उन्हें मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करनी पड़ी। वहीं, ग्राम प्रधान रामकोट ने बताया कि सफाई कर्मचारी गांव में आते हैं और साफ-सफाई करते हैं। नाली का पानी खेत में जाने की समस्या को ठीक करा दिया जाएगा। इस संबंध में एडीओ पंचायत शैलेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मामला उनकी जानकारी में नहीं है। इसकी जांच कराई जाएगी और नाली की सफाई भी सुनिश्चित कराई जाएगी।


