बस्ती। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस ने सोमवार शाम संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त की। प्रभारी निरीक्षकों, थानाध्यक्षों और चौकी प्रभारियों ने पुलिस बल के साथ प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक परिसरों, चौराहों, बस स्टैंडों और रेलवे स्टेशन के आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और वाहनों की सघन जांच की। किसी भी असामाजिक या आपराधिक गतिविधि को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों को हटवाया गया।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों तथा राहगीरों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस ने लोगों से अफवाहों और सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न देने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना, चौकी अथवा आपातकालीन नंबर 112 पर देने को कहा।


