रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। मंगलवार को ब्रज की गौशालाओं में गोपाष्टमी का पर्व बड़े धूमधाम से मनाया गया। गौ भक्तों ने गौ पूजन कर गायों को गुड़, चोकर और हरा चारा खिलाकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

श्याम गौशाला बाबा बंशी वाला अद्धाचौकी, वृन्दावन, श्रीकृष्ण गौशाला, श्रीपाद बाबा गौशाला, हासानंद गौशाला, हरिदास शास्त्री गौशाला कालीदह, रमेश बाबा गौशाला बरसाना आदि गौशालाओं में गौ भक्तों की भारी भीड़ रही।
श्याम गौशाला बाबा बंशी वाला के गौ सेवक *पं. जगदीश प्रसाद गोस्वामी* ने जानकारी देते हुए बताया कि गोपाष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की प्रिय गौवंश को हिन्दू शास्त्रों में सर्वदेवमयी कहा गया है, अर्थात सभी देवताओं का वास गाय में होता है।
उन्होंने कहा कि गोपाष्टमी केवल गौ पूजन का ही पर्व नहीं है, बल्कि यह पर्व सेवा, कृतज्ञता और प्रकृति संरक्षण का संदेश देता है। भगवान श्रीकृष्ण ने हमें सिखाया है कि प्रकृति और जीवों की रक्षा करना ही सच्चा धर्म है।

गोपाष्टमी का यह पावन दिन गौ माता की सेवा, कृष्ण भक्ति और धन-धान्य की प्राप्ति के लिए अत्यंत शुभ होता है। इस दिन श्रद्धा भाव से गौवंश की पूजा करने और गौवंश की सेवा करने से घर में सौभाग्य, समृद्धि और शांति का वास होता है। इसलिए गौ सेवकों को खुलकर गुड़, चोकर, चुनी, हरा चारा, सूखा चारा के साथ यथासंभव दान कर पुण्य लाभ अर्जित करना चाहिए। गौवंश प्रेमी सक्षम दानदाता समय-समय पर अपना सहयोग देते रहें।
श्याम गौशाला बाबा बंशी वाला में प्रमुख रूप से जुगल किशोर अग्रवाल (रिटायर्ड, बैंक ऑफ इंडिया), आदित्य अग्रवाल, शोभा अग्रवाल, कृष्ण कुमार शर्मा उर्फ लड्डू गोपाल, जगदीश नीलम, देवेन्द्र गोस्वामी, कालीचरण, मधुर मोहन गौड़, रामदास बाबा, डॉ. राकेश तिवारी पशु चिकित्सक, बलराम बाबा मौजूद रहे और ग्वालों का स्वागत-सत्कार किया।


