रिपोर्ट : राहुल मिश्रा।
सीतापुर। जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर का औचक निरीक्षण कर विभिन्न कार्यालयों एवं अनुभागों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव और लंबित प्रकरणों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नजारत, स्थापना, संग्रह, भूलेख, सीलिंग, अभिलेखागार, स्थानीय निकाय, राजस्व अभिलेखागार सहित विभिन्न अनुभागों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने पत्रावलियों, रजिस्टरों एवं सरकारी अभिलेखों की जांच करते हुए उन्हें नियमित रूप से अद्यतन और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण किया जाए। आमजन को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें और फरियादियों को शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इसके अलावा संयुक्त कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय एवं ई-डिस्ट्रिक्ट कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई, पारदर्शिता और अभिलेखों के सुरक्षित रख-रखाव पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आयुष चौधरी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


