प्रतापगढ़/कुण्डा। योगीराज देवरहा बाबा कथा मंडपम, राजभवन बेंती, कुण्डा (प्रतापगढ़) में आयोजित श्रीराम कथा का वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर रहा। बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर परम पूज्य आचार्य पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी के श्रीमुख से हो रही श्रीराम कथा का श्रवण करने के लिए जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर कुण्डा विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ के साथ संतकबीरनगर जनपद की खलीलाबाद विधानसभा के विधायक अंकुर राज तिवारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ व्यासपीठ से प्रवाहित श्रीराम कथा का श्रवण किया।
आचार्य पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी ने श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, भक्ति, त्याग और सनातन संस्कृति के महत्व से जुड़े प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश दिया। श्रीराम कथा के दौरान पूरा कथा मंडपम भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।
विधायक अंकुर राज तिवारी की इस धार्मिक आयोजन में उपस्थिति ने श्रीराम कथा के प्रति उनकी श्रद्धा और सनातन संस्कृति के प्रति सम्मान को दर्शाया। कथा श्रवण के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रभु श्रीराम के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने और समाज में धर्म, संस्कार एवं सद्भाव की भावना को मजबूत बनाने का संदेश इस आयोजन के माध्यम से दिया गया।


