रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। धौलीप्याऊ, मथुरा में सैनी-कुशवाहा समाज में फैल रही कुरीतियों के उन्मूलन, सामाजिक जागरूकता, एकता और सुधार हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पूरन चंद सैनी एवं संचालन जिला सैनी सभा के संरक्षक बुध्दि लाल सैनी ने किया।
बैठक में समाज के वरिष्ठ नागरिकों, बुद्धिजीवियों एवं युवाओं ने सर्वसम्मति से समाज में फैल रही सबसे बड़ी कुरीति मृत्यु भोज पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की अपील की।
बैठक में कछावा कुशवाहा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष नूर सिंह कुशवाहा ने कहा कि मृत्यु भोज गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर आर्थिक बोझ डालता है। शोक की घड़ी में परिवार को सांत्वना देने की बजाय, भोज का बोझ डालना मानवता के खिलाफ है। इसलिए समाज को मिलकर इस कुप्रथा को हमेशा के लिए समाप्त करना होगा।
बैठक के फैसले की पहली मिसाल हनुमान नगर में देखने को मिली। हनुमान नगर निवासी रमेश सैनी (पीडब्ल्यूडी वाले) की पत्नी का हाल ही में निधन हुआ था। समाज के लोगों ने उनके घर पहुंचकर उनसे मृत्यु भोज न करने की अपील की।
शोकाकुल परिवार ने समाज के इस फैसले को एक सकारात्मक पहल बताते हुए, मृत्यु भोज न करने का ऐतिहासिक फैसला लिया। परिवार के इस फैसले का बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने तालियों के साथ स्वागत किया और इसे पूरे समाज के लिए प्रेरणा बताया।
इस दौरान महात्मा ज्योतिराव फुले विकास समिति के अध्यक्ष रमेश सैनी ने कहा कि शोकाकुल परिवार ने जो साहसिक फैसला लिया है, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए मिसाल बनेगा। अब धौलीप्याऊ सहित पूरे मथुरा क्षेत्र में मृत्यु भोज को बंद करने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में सैनी समाज आदर्श समिति के अध्यक्ष रामबाबू सैनी, सुरेश सैनी, तेजसिंह कुशवाहा, सुरेश कुमार कुशवाह, राम अचल मौर्य, डा राजकुमार सैनी, राम दयाल सैनी, संतोष सैनी, मनीष सैनी, अर्जुन सैनी, जवाहर सिंह सैनी, सुरेश चंद्र सैनी, नवल सिंह सैनी, गुलजार सिंह सैनी, रवि सैनी, कृष्णा सैनी, बृजकिशोर सैनी आदि उपस्थित रहे।


