•सिधौली में प्रसव के दौरान महिला की मौत से फिर कठघरे में स्वास्थ्य व्यवस्था, निजी अस्पतालों की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। निजी अस्पतालों में कथित चिकित्सकीय लापरवाही के चलते गरीब मरीजों की जान जाने के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला सिधौली क्षेत्र का है, जहां प्रसव के दौरान कथित लापरवाही के आरोपों के बीच एक महिला की मौत हो गई। घटना ने निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि निजी अस्पतालों के खिलाफ शिकायतें किए जाने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होती। शिकायतकर्ताओं का यह भी आरोप है कि जांच या शिकायत की जानकारी संबंधित अस्पतालों तक पहले ही पहुंच जाती है। यदि इन आरोपों में सच्चाई है तो यह स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और निगरानी तंत्र की गंभीर विफलता है। वहीं, शिकायतों के बावजूद मुख्य चिकित्सा अधिकारी के मीडिया के सामने पक्ष रखने से बचने की बात भी उठाई जा रही है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि निजी अस्पतालों में कथित लापरवाही से होने वाली मौतों की जिम्मेदारी आखिर कौन तय करेगा? प्रसव के दौरान महिला की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच कब होगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई कब की जाएगी? गरीब और जरूरतमंद परिवार बेहतर इलाज की उम्मीद में निजी अस्पतालों का रुख करते हैं, लेकिन यदि वहां सुरक्षा और उपचार की गारंटी ही नहीं है तो उनकी सुनवाई कौन करेगा?
स्वास्थ्य विभाग की जवाबदेही तय करने और निजी अस्पतालों की नियमित जांच की मांग भी तेज हो रही है। ऐसे में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक से सवाल है कि सीतापुर की स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली के आरोपों पर कब संज्ञान लिया जाएगा? क्या गरीबों को बेहतर और सुरक्षित इलाज उपलब्ध कराने का अधिकार केवल सरकारी दावों और फाइलों तक ही सीमित रहेगा?
सवाल यही है कि फाइलों में बेहतर दिख रही स्वास्थ्य व्यवस्था की वास्तविक तस्वीर देखने के लिए जिम्मेदार अधिकारी कब जमीन पर उतरेंगे?


