•अल्ट्रासाउंड सेंटरों की नियमित जांच और अनियमितता मिलने पर एफआईआर के निर्देश, सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें जनपद में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध अस्पतालों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
बैठक में ओपीडी, आईपीडी, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, पैथोलॉजी, जननी सुरक्षा योजना, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, परिवार नियोजन, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय अंधता नियंत्रण कार्यक्रम, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, एंबुलेंस सेवा 108 व 102, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नियमित टीकाकरण तथा जन्म-मृत्यु पंजीकरण सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने पीसीपीएनडीटी कमेटी को निर्देश दिए कि कन्या भ्रूण हत्या पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अल्ट्रासाउंड सेंटरों की नियमित जांच की जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराई जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधावल्लभ को अवैध एवं अनाधिकृत अस्पतालों तथा झोलाछाप चिकित्सकों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने सभी चिकित्सकों को समय से अस्पताल पहुंचने और मरीजों को तत्काल बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसरों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी नियमित रूप से अस्पतालों का निरीक्षण करें। लापरवाही सामने आने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की उपचार व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए दूसरे अस्पतालों के चक्कर न लगाने पड़ें। अस्पतालों में मरीजों के तीमारदारों के बैठने के लिए कुर्सी-बेंच, स्वच्छ पेयजल और आरओ की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही चिकित्सीय उपकरणों और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता समय से बनाए रखी जाए।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने आशा कार्यकत्रियों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं की नियमित देखभाल, नवजात शिशुओं की निगरानी और शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराने पर जोर दिया। जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा करते हुए जिला महिला अस्पताल, जिला अस्पताल, संयुक्त चिकित्सालय वृंदावन सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य इकाइयों में लाभार्थियों को देय धनराशि का भुगतान समयबद्ध तरीके से करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव के लिए प्रोत्साहित करने तथा मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए सभी पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड समय से बनाने और आभा आईडी जनरेट करने के निर्देश दिए। साथ ही 108 एवं 102 एंबुलेंस सेवाओं को निर्धारित समय में मरीजों तक पहुंचाने और टीकाकरण से संबंधित सभी अभिलेख ऑनलाइन अपडेट रखने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी मरीज को उपचार के अभाव में परेशान नहीं होना चाहिए। स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधावल्लभ, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला चिकित्सालय डॉ. विकास कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला महिला चिकित्सालय डॉ. अनिल पुरनानी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला संयुक्त चिकित्सालय डॉ. वंदना अग्रवाल, जिला प्रशासनिक अधिकारी डॉ. अनुज कुमार, नोडल पीसीपीएनडीटी डॉ. विकास जैन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक संजय सिहोरिया, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूदेव, डॉ. गोपाल बाबू, डॉ. चित्रेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


