•कुंड कॉम्प्लेक्स की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी, समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
नैमिषारण्य (सीतापुर)। जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने गुरुवार को नैमिषारण्य पहुंचकर विभिन्न विकास एवं पर्यटन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान पंचमुखी प्लाजा चौराहा, चक्रतीर्थ प्रवेश द्वार, फैसिलिटी सेंटर, कुंड कॉम्प्लेक्स, तीर्थ यात्री शयन गृह, पार्किंग स्थल, टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर, हेलीपोर्ट, राजघाट, ध्रुव कुंड और पुरानी धर्मशाला सहित कई निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता परखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
सबसे पहले डीएम ने पंचमुखी प्लाजा चौराहे पर चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने चौराहे के सौंदर्यीकरण के लिए तैयार नक्शे का अवलोकन करते हुए निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा। इसके बाद चक्रतीर्थ के मुख्य प्रवेश द्वार का निरीक्षण कर पूर्ण हुए कार्यों और उन पर खर्च की गई धनराशि की जानकारी ली। उन्होंने चक्रतीर्थ और मां ललिता देवी मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन भी किया।
फैसिलिटी सेंटर के निरीक्षण के दौरान डीएम ने इसे शीघ्र संचालित कराने के निर्देश दिए। कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। वहीं, कुंड कॉम्प्लेक्स में निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताई और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
लखनऊ रोड स्थित पार्किंग स्थल का निरीक्षण कर उसके संचालन और निर्माण पर हुए खर्च का ब्योरा लिया। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने पर जोर दिया। तीर्थ यात्री शयन गृह के निरीक्षण के दौरान परिसर के समतलीकरण और निर्मित भवन की स्थिति देखी। शेष कार्य शीघ्र पूरा कराकर भवन को विधिवत हैंडओवर करने और संचालित कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि नैमिषारण्य में चल रही सभी विकास एवं पर्यटन परियोजनाएं गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरी हों, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। निरीक्षण के दौरान एसडीएम मिश्रित दीपक गुप्ता, पर्यटन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


