•शिकायतों के बावजूद नहीं हो रहा पुनर्निर्माण, स्कूली बच्चे और बुजुर्ग हादसों शिकार।
विजय दूत (राहुल मिश्रा)
मिश्रिख(सीतापुर)। विकासखंड मिश्रिख की ग्राम पंचायत बर्मी के मजरा गजोधरपुर निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य अहिबारन यादव ने खंड विकास अधिकारी सहित जिले के कई अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर गांव की जर्जर सड़क की समस्या से अवगत कराया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्मित कराई गई सड़क वर्तमान में पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। इसके चलते ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। कई बार स्कूल जाने वाले बच्चे और बुजुर्ग इन गड्ढों के चलते हादसों का शिकार हो चुके हैं।
ग्रामीणों द्वारा लगातार शिकायतें किए जाने के बावजूद सड़क का पुनर्निर्माण नहीं कराया जा रहा है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य अहिबारन यादव ने बताया कि वह मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल सहित जिले के अन्य उच्चाधिकारियों को भी कई बार शिकायती पत्र देकर सड़क का पुनर्निर्माण कराए जाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जनहित में सड़क का शीघ्र पुनर्निर्माण कराए जाने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को आवागमन की समस्या से निजात मिल सके।


