•महिला अपराध, भूमि विवाद और अवैध कब्जों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने कोतवाली नगर सीतापुर में जनसुनवाई कर फरियादियों की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना। दोनों अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने राजस्व से संबंधित विवादों के प्रभावी समाधान के लिए राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर पहुंचकर समस्याओं का निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपसी विवादों के मामलों में समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए। संवेदनशील प्रकरणों में नियमानुसार निरोधात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने विशेष रूप से महिला संबंधी अपराधों, भूमि विवादों एवं अवैध कब्जों से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और पीड़ितों को न्याय दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
इसके साथ ही थाना समाधान दिवस के रजिस्टर में प्राप्त शिकायतों एवं उनके निस्तारण का पूरा विवरण दर्ज करने तथा सभी संबंधित अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर जनार्दन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


