•बूथों पर पहुंचकर बीएलओ को दिए निर्देश, नए मतदाताओं के पंजीकरण और नामों में संशोधन पर दिया जोर।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 (SSR-2027) के तहत शनिवार को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं नगर मजिस्ट्रेट मीनाक्षी पांडेय ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-146 के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ संख्या 208 एवं 209 प्राथमिक विद्यालय कनवाखेड़ा, बूथ संख्या 222 से 224 कार्यालय अधिशासी अभियंता, सीतापुर प्रखंड शारदा नहर, बूथ संख्या 249 से 252 इस्लामिया जूनियर हाईस्कूल आलमनगर तथा बूथ संख्या 256 डीएवी आर्य समाज स्कूल घासमंडी का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देशित किया कि ऐसे सभी पात्र नागरिकों को चिह्नित किया जाए, जिनका नाम अभी तक विधानसभा निर्वाचक नामावली में शामिल नहीं है। ऐसे नागरिकों से नियमानुसार फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में दोहरे नाम अथवा मृतक मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 भरवाया जाए। वहीं, नाम में संशोधन, स्पष्ट फोटो, जन्मतिथि एवं लिंग संबंधी त्रुटियों को ठीक कराने के लिए फॉर्म-8 भरवाने की कार्रवाई की जाए।
ईआरओ ने सभी बीएलओ को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित न रह जाए।


