बस्ती। शहर के मड़वानगर और कलवारी के अकसड़ा टोल प्लाजा पर यातायात पुलिस ने सीओ ट्रैफिक व कलवारी प्रदीप त्रिपाठी के नेतृत्व में एक विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले 50 वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। सीओ ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य राजमार्गों पर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना और नियमों का उल्लंघन करने वालों में डर पैदा करना था। अभियान के दौरान टीम ने टोल नाके से गुजरने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की।
जांच के दौरान बड़ी संख्या में वाहन चालकों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, और बीमा के कागजात नहीं थे। भारी मालवाहक वाहनों में क्षमता से अधिक सामान भरा हुआ था, जो दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनता है। बिना सीट बेल्ट लगाए गाड़ी चलाना और दोपहिया वाहनों पर हेलमेट न पहनना। नियमानुसार मानक के अनुरूप नंबर प्लेट नहीं मिले। व्यावसायिक वाहनों के पास रूट परमिट या फिटनेस प्रमाण पत्र का नहीं पाए गए।
बताया कि सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के लिए नियमों का पालन अनिवार्य है। विशेष् अभियान एक तरह की वाहन चालकों के लिए चेतावनी है कि जो भी व्यक्ति सुरक्षा नियमों को नजरअंदाज करेगा, उसके खिलाफ भारी जुर्माना लगाया जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। टोल प्लाजा जैसे संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की चेकिंग आगे भी जारी रहेगी।
अचानक हुई इस चेकिंग से टोल प्लाजा के आसपास काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। कार्रवाई के दौरान पकड़े गए वाहन चालकों ने तरह-तरह के बहाने बनाए, लेकिन अधिकारियों ने किसी की एक न सुनी। कई वाहनों से मौके पर ही जुर्माना वसूला गया, जबकि गंभीर मामलों में वाहनों को सीज करने की कार्रवाई भी की गई।
टीएसआइ अवधेश तिवारी ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपने वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और यातायात के नियमों का पूर्ण पालन करें। दुर्घटनाओं को रोकने में आम नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। इस दाैरान यातायात उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह, हरकेश यादव व खेसारी मौजूद रहे।