रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पतौंजा स्थित पंचायत भवन में प्रशासनिक अधिकारियों एवं ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र में प्रस्तावित औद्योगिक विकास परियोजनाओं तथा विभिन्न फैक्ट्रियों की स्थापना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए तहसीलदार (फीडर) प्रोजेक्ट अवधेश गुप्ता ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि फैक्ट्रियों की स्थापना के लिए चिन्हित भूमि का अधिग्रहण पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा तथा किसानों को नियमानुसार उचित मुआवजा प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि औद्योगिक परियोजना के तहत गांव के लगभग 60 प्रतिशत युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त अन्य लोगों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
ग्राम प्रधान अनुराग मिश्रा ‘पवन’ ने कहा कि क्षेत्र में उद्योगों की स्थापना से आर्थिक विकास को गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार आएगा तथा क्षेत्र की विकास यात्रा को नई दिशा मिलेगी।
बैठक में तहसीलदार मिश्रिख अतुल सेन सिंह, लेखपाल अजय पांडे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने भी अपनी जिज्ञासाएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे, जिनका समाधान किया गया।