कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ समापन, बेरोजगार युवाओं को मिला रोजगार।

Vijaydoot News

लखनऊ। एनटीपीसी ऊँचाहार द्वारा प्रायोजित चार माह के आवासीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह आज केंद्रीय प्लास्टिक अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सीपेट) में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले 60 प्रशिक्षणार्थियों को जॉब ऑफर लेटर एवं प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत एनटीपीसी ऊँचाहार की परियोजना प्रभावित ग्राम सभाओं के 60 युवाओं को तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को आधुनिक औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाया गया तथा उन्हें देश के विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।

समारोह के मुख्य अतिथि परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी ऊँचाहार विश्व मोहन सिंह रहे। अपने संबोधन में परियोजना प्रमुख विश्व मोहन सिंह ने कहा कि कौशल विकास कार्यक्रम युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उन्हें सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सीपेट द्वारा संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की पहलों को निरंतर सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। साथ ही प्रशिक्षणार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर प्रगति एवं सफलता प्राप्त करने के लिए शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए एनटीपीसी ऊँचाहार एवं सीपेट के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में मानव संसाधन प्रमुख पंकज कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) स्नेह त्रिपाठी तथा कार्यकारी (सीएसआर) सोनाली भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त निदेशक एवं सीपेट लखनऊ के प्रमुख विवेक कुमार ने की तथा संचालन प्रभारी कौशल विकास कृष्ण प्रताप सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षण प्रभारी डॉ. राजेश पाण्डा, प्रसंस्करण प्रभारी ज्ञानेन्द्र गुप्ता, लवकुश मिश्र सहित संस्थान के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *