मथुरा में पुलिस मुठभेड़ में 15 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल।

Vijaydoot News

मथुरा। थाना फरह पुलिस एवं स्वाट/क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने ट्रांसफॉर्मर और विद्युत तार चोरी करने वाले 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार, परखम गौशाला के पास रात्रि में वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना फरह से वांछित एवं 15 हजार रुपये का इनामी अभियुक्त श्याम सिंह पुत्र पोहप सिंह उर्फ कोक सिंह, निवासी ग्राम कुथियाना, थाना अम्बाह, जिला मुरैना (मध्य प्रदेश), मोटरसाइकिल से आने वाला है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया।

पुलिस का आरोप है कि खुद को घिरा देख अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा एवं गिरफ्तारी के उद्देश्य से पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा (.315 बोर), दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, श्याम सिंह थाना फरह में दर्ज विद्युत तार चोरी एवं आर्म्स एक्ट के मामलों में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस पर फायरिंग और बरामदगी के संबंध में उसके विरुद्ध एक नया मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अभियुक्त के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

इस संबंध में रिफाइनरी क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि संयुक्त कार्रवाई के दौरान इनामी अभियुक्त को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *