रामकोट के जाम में आधे घंटे फंसा जिलाधिकारी का काफिला, अधूरे सड़क निर्माण पर उठे सवाल।

Spread the love

सीतापुर/रामकोट। सीतापुर-हरदोई मार्ग पर रामकोट कस्बे में पिछले छह माह से चल रहे सड़क एवं नाला निर्माण कार्य की धीमी प्रगति एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई, जब निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. का काफिला भी भीषण जाम में फंस गया। करीब 30 मिनट तक जिलाधिकारी का काफिला जाम में रुका रहा, जिससे निर्माण कार्य की रफ्तार और व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए।

बताया जा रहा है कि सड़क और नाला निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। निर्माण कार्य के कारण प्रतिदिन इस मार्ग पर भारी जाम की स्थिति बन रही है, जिससे एंबुलेंस, श्रद्धालुओं, स्कूली बच्चों और आम राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

निरीक्षण के दौरान जब स्वयं जिलाधिकारी का काफिला जाम से नहीं निकल सका, तब स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की धीमी गति और अव्यवस्थित यातायात प्रबंधन पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि वे पिछले कई महीनों से जाम और अधूरी सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य पूरा कराया जाता और यातायात की समुचित व्यवस्था की जाती, तो लोगों को रोजाना इस समस्या का सामना नहीं करना पड़ता।

अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर छह महीने बीत जाने के बाद भी सड़क एवं नाला निर्माण कार्य पूरा क्यों नहीं हो सका और आम जनता को इस परेशानी से कब राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *