बस्ती। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए इंडियन योग एसोसिएशन उत्तर प्रदेश चैप्टर (IYA UPSCC) को आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ‘योग संगम सम्मान पत्र’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान 21 जून को आयोजित ‘योग संगम’ कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं व्यापक जनसहभागिता के लिए प्रदान किया गया।
बस्ती के कटेश्वर पार्क में आयोजित योग संगम कार्यक्रम में लगभग 250 योग साधकों एवं नागरिकों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। यह आयोजन प्रधानमंत्री के आह्वान पर देशभर में एक साथ आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों के तहत संपन्न हुआ।
इंडियन योग एसोसिएशन उत्तर प्रदेश चैप्टर के पूर्वी जोन अध्यक्ष प्रो. डॉ. नवीन सिंह ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक, आध्यात्मिक और सामाजिक संतुलन का भी आधार है। उन्होंने कहा कि संगठन योग को जन-जन तक पहुंचाकर स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी योग प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों, सामाजिक संगठनों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे योग परिवार के सामूहिक प्रयास और समर्पण का परिणाम है। भविष्य में भी योग के प्रचार-प्रसार और जनस्वास्थ्य संवर्धन के लिए ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।
संगठन ने इस सम्मान को योग संस्कृति के व्यापक प्रसार और समाज के प्रत्येक वर्ग तक योग को पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।