मानसी गंगा में डूबने से 11 वर्षीय बालक की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल।

Vijaydoot News

गोवर्धन। गोवर्धन परिक्रमा मार्ग स्थित मानसी गंगा कुंड में बीते दिवस डूबने से 11 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से बालक का शव बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, राजस्थान के करौली जनपद का रहने वाला अविनाश (11) अपने भाई और एक मित्र के साथ गोवर्धन परिक्रमा करने आया था। इसी दौरान मानसी गंगा कुंड में वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा गोताखोरों की सहायता से उसकी तलाश कराई गई। काफी प्रयास के बाद बालक का शव बरामद किया गया।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

इस घटना के बाद एक बार फिर मानसी गंगा एवं अन्य धार्मिक कुंडों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में मानसी गंगा और राधाकुंड सहित विभिन्न कुंडों में डूबने की घटनाओं में अब तक छह लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि निर्जला एकादशी के अवसर पर भी श्रद्धालुओं को पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं मिली थी। उनका कहना है कि आगामी मुड़िया पूर्णिमा मेले को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस को कुंडों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *