रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन के उपलक्ष्य में 1 जुलाई से 7 जुलाई तक मनाए जा रहे पर्यावरण सप्ताह के तहत बुधवार को समाजवादी पार्टी मथुरा इकाई ने पार्टी कार्यालय के सामने स्थित पार्क में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने किया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।
जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने कहा कि अखिलेश यादव प्रत्येक वर्ष अपने जन्मदिन को पर्यावरण दिवस के रूप में मनाते हैं और लोगों को अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए प्रेरित करते हैं।
वरिष्ठ सपा नेता प्रदीप चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव पर्यावरण संरक्षण के प्रति सदैव संवेदनशील रहे हैं। उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में प्रदेशभर में करोड़ों पौधे लगाए गए। उन्होंने बताया कि गोवर्धन में पारिजात जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाले पौधों का रोपण कर आध्यात्मिक संदेश देने का भी कार्य किया गया, जो आज गिरिराज परिक्रमा मार्ग की शोभा बढ़ा रहे हैं।
कार्यक्रम में समाजवादी लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष सोनू ठाकुर, महासचिव सोनू यादव, अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष नाजिम कुरैशी, महेंद्र चौधरी, विजय सिंह सहित बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को समर्पित यह अभियान 7 जुलाई तक विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कार्यक्रमों के साथ जारी रहेगा।