रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई द्वारा गुरुवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पखवाड़े के अंतर्गत बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज के ऑडिटोरियम में कार्यकर्ता सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक एवं पूर्व ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, महापौर विनोद अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, पूर्व विधायक कारिंदा सिंह, चेतन स्वरूप पाराशर एवं सुल्तान सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।

मुख्य वक्ता राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि “एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेंगे” का उनका संकल्प आज भी प्रत्येक राष्ट्रभक्त के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनके विचार भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए मार्गदर्शक हैं।
विशिष्ट अतिथि विधायक श्रीकांत शर्मा ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश उनके सपनों को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवाद, त्याग और सेवा के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और संगठन के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि संस्मरण पखवाड़े के माध्यम से कार्यकर्ताओं को उनके जीवन-दर्शन और राष्ट्रवादी विचारों से प्रेरणा लेने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने संगठन की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने और समाजहित में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन दीपक गोला ने किया। इस अवसर पर महामंत्री कुंज बिहारी चतुर्वेदी, विनीत शर्मा, ज्ञानेंद्र राणा, रामकिशन पाठक, सुरेंद्र सिंह प्रधान, ललित गौतम, संजय शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा, कल्पना गर्ग, नीलम पांडे, पूनम वाल्मीकि, सुनीता उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।