स्वच्छ ब्रज अभियान के अंतिम दिन अतिक्रमण व पॉलीथिन पर चला नगर निगम का शिकंजा, 27,500 रुपये जुर्माना।

Spread the love

मथुरा। “हम सबने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” अभियान के तहत 15 दिवसीय विशेष स्वच्छता, प्रवर्तन, सौंदर्यीकरण एवं जन-जागरूकता महाअभियान के अंतिम दिन सोमवार को नगर निगम मथुरा-वृंदावन ने औरंगाबाद जोन में व्यापक कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया, प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की और गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगाया। अभियान के दौरान कुल 27,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

जिला प्रशासन, नगर निगम मथुरा-वृंदावन, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण और ब्रज तीर्थ विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में 22 जून से 6 जुलाई तक चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत अंतिम दिन विभिन्न विभागों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, प्रवर्तन और जन-जागरूकता संबंधी गतिविधियां संचालित कीं।

नगर आयुक्त के निर्देश पर सहायक नगर आयुक्त कल्पना सिंह चौहान के नेतृत्व में औरंगाबाद से टाउनशिप तथा टाउनशिप से नवादा पुरानी आरटीओ मार्ग तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध अस्थायी एवं स्थायी अतिक्रमण हटाया गया तथा अतिक्रमण करने वालों से 5,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

अभियान के दौरान प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करते हुए 10 किलोग्राम पॉलीथिन जब्त की गई और संबंधित लोगों पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों से 2,500 रुपये का अर्थदंड वसूला गया। इस प्रकार पूरे अभियान में कुल 27,500 रुपये का जुर्माना किया गया।

नगर निगम ने नागरिकों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों और श्रद्धालुओं से स्वच्छ एवं सुंदर ब्रज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा स्वच्छता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है।
अभियान के दौरान ईटीएफ टीम के विजय वीर सिंह, सफाई निरीक्षक निहाल सिंह, क्षेत्रीय सफाई सुपरवाइजर सहित नगर निगम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *