केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। रविवार को मेंहदावल स्थित जगद्गुरु शंकराचार्य विद्यालय इंटर कॉलेज के सभागार में वन विभाग, संत कबीर नगर के तत्वावधान में सघन वृक्षारोपण महाअभियान के अंतर्गत ‘हरित वसुंधरा वृक्षारोपण संकल्प महाअभियान (312 विधानसभा मेंहदावल)’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया गया।





मुख्य अतिथि विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा भावी पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य देने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों एवं पर्यावरण प्रहरियों को पौधे भेंट कर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान ‘पौधा लगाओ, सेल्फी भेजो और पुरस्कार पाओ’ अभियान का शुभारंभ भी किया गया। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को पौधे वितरित किए गए तथा बताया गया कि जो छात्र पौधा लगाकर उसकी सेल्फी निर्धारित क्यूआर कोड पर भेजेगा, उसे आगामी 5 सितंबर, शिक्षक दिवस के अवसर पर विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर जगद्गुरु शंकराचार्य विद्यालय के प्रबंधक जयसिंह, बेलहर कला के रेंजर, प्रधानाचार्य राजेश सिंह, राकेश चौधरी, डी.ए.वी. इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य कौशलेंद्र सिंह, उप प्रबंधक वृंदावन दूबे, पूर्व प्रवक्ताओं सहित वन विभाग के अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों, अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का सामूहिक संकल्प लिया।