बलिया। उत्तर प्रदेश पुलिस की 2021 बैच की महिला कांस्टेबल भारती यादव ने कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर नई उपलब्धि हासिल करते हुए असिस्टेंट प्रोफेसर का पद प्राप्त किया है। उन्होंने ड्यूटी के साथ नियमित अध्ययन जारी रखते हुए यूजीसी-नेट (UGC-NET) परीक्षा उत्तीर्ण की और वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए चयनित हुई हैं।
भारती यादव की पहली तैनाती बलिया जिले के नरही थाने में हुई थी। व्यस्त और अनियमित पुलिस ड्यूटी के बावजूद उन्होंने पढ़ाई का क्रम नहीं टूटने दिया। वह ड्यूटी पूरी करने के बाद दिन-रात समय निकालकर अध्ययन करती रहीं। यहां तक कि घरेलू कार्यों के दौरान भी उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी।
शिक्षक पिता और गृहिणी मां की बेटी भारती की इस सफलता पर बलिया के पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह सहित पुलिस विभाग ने उन्हें बधाई दी है। एसपी ने कहा कि भारती यादव ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपने लक्ष्य को हासिल कर पूरे पुलिस विभाग का गौरव बढ़ाया है।
अब तक कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाली भारती यादव जल्द ही विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करती नजर आएंगी।